Skip to content
Home » सनातन धर्म » लाइव स्ट्रीमिंग से सात समंदर पार पहुंच रही भक्ति की गूंज

लाइव स्ट्रीमिंग से सात समंदर पार पहुंच रही भक्ति की गूंज

भजन मंडलियों की डिजिटल क्रांति: सात समंदर पार तक पहुंच रही भजनों की गूंज, भौतिक रूप से अनुपस्थित रहकर भी भक्ति से जुड़ रहे लोग

शहर में इन दिनों धार्मिक आयोजनों का रंग पूरी तरह डिजिटल हो चला है। जागरण, सुंदरकांड पाठ और भजन संध्याओं में अब ‘लाइव स्ट्रीमिंग‘ का क्रेज तेजी से बढ़ा है। इस तकनीक की सबसे दिलचस्प बात यह है कि कार्यक्रम में शारीरिक रूप से अनुपस्थित रहने के बावजूद लोग घर बैठे सीधे जुड़ रहे हैं। दूसरे शहरों और विदेशों में बैठे परिवारजन अब केवल एक क्लिक पर लाइव जुड़कर न सिर्फ भजन सुन रहे हैं, बल्कि वर्चुअली आरती और पूजा का हिस्सा भी बन रहे हैं।

हाईटेक भजन मंडलियां: लाइव स्ट्रीमिंग से घर-घर पहुंचा पांडाल सा आनंद

भजन मंडलियों की भक्ति अब मंदिरों या पंडालों तक सीमित नहीं हैं। यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिये इसे सीधे लोगों के घरों और मोबाइलों तक पहुंचाया जा रहा है।

‘श्याम भजन सेवा मंडल‘ के मोहित शर्मा बताते हैं कि हाल ही आयोजित माता की चौकी में कनाडा में बैठे परिजन भी लाइव जुड़े। इससे दूर रहने के बाद भी उन्हें परिवार और धर्म से सीधे जुड़ने का एक मजबूत भावनात्मक जरिया मिल गया है।

Digital Bhajan Sandhya
Digital Bhajan Sandhya

बुजुर्ग, बीमार और कामकाजी महिलाओं के लिए उपयोगी

भजन मंडली की सदस्य सीमा के अनुसार, लाइव स्ट्रीमिंग का सबसे बड़ा फायदा उन बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रहा है जो पांडाल तक आने में असमर्थ हैं। वहीं, कई महिलाएं घर का काम करते हुए या रसोई में व्यस्त रहते हुए भी मोबाइल पर लाइव सत्संग चलाकर भक्ति का आनंद ले रही हैं।

सीमित नहीं, असीमित दर्शक व श्रोता

राधे कृष्ण भजन मंडल के मोहन यादव ने बताया कि लाइव स्ट्रीमिंग ने हमारी मंडली को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। पहले जहां सीमित दर्शक श्रोता होते थे, वहीं अब हर कार्यक्रम में ऑनलाइन हजारों लोग जुड़ते हैं।

जय माता दी भजन मंडल की संगीता ने बताया कि डिजिटल माध्यम ने हमारी पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा दिया है। रिकॉर्डिंग और लाइव प्रसारण से युवा पीढ़ी भी धार्मिक आयोजनों से जुड़ रही है, जिससे भक्ति का दायरा बढ़ा है।

खाटू श्याम सेवा मंडल के राधेश्याम शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन लाइव से बुजुर्ग, बीमार और विदेश में रहने वाले श्रद्धालु भी सीधे जुड़ जाते हैं। इससे भक्ति केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक भावनात्मक और पारिवारिक अनुभव बन गई है।

तकनीक से बदली धार्मिक आयोजनों की सूरत

इस डिजिटल बदलाव में युवा पीढ़ी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। भजन मंडलियां अब सिर्फ पारंपरिक वाद्य यंत्र ही नहीं, बल्कि हाई डेफिनिशन कैमरे, प्रोफेशनल माइक्रोफोन और लाइव मिक्सर जैसे आधुनिक तकनीकी साधनों का उपयोग कर रही हैं। लाइव के साथ-साथ इन कार्यक्रमों की रिकॉर्डिंग बाद के लिए भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध रहती है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या स्थानीय स्तर से बढ़कर अब लाखों में पहुंच रही है।